बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजीव कुमार भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन अपनी शानदार अदाकारी और यादगार किरदारों के जरिए वह आज भी करोड़ों दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं। उनके चाहने वाले और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग समय-समय पर उन्हें याद करते रहते हैं। इसी बीच दिग्गज अभिनेत्री अंजू महेंद्रू ने अपने करीबी दोस्त और दिवंगत अभिनेता संजीव कुमार को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक बेहद खास और दुर्लभ थ्रोबैक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसने पुराने दिनों की यादें ताजा कर दी हैं।
अंजू महेंद्रू ने 7 नवंबर 2026 की सुबह संजीव कुमार की पुण्यतिथि के मौके पर यह तस्वीर साझा की। उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "Aaaawww miss you my Bro." यानी उन्हें अपने भाई जैसे दोस्त की बहुत याद आती है। अंजू के इस छोटे से संदेश में संजीव कुमार के प्रति उनका प्यार और उनके जाने का दर्द साफ झलकता है। तस्वीर में संजीव कुमार फॉर्मल सूट और डिजाइन वाली टाई पहने नजर आ रहे हैं, जबकि अंजू महेंद्रू उनके पास खड़ी दिखाई दे रही हैं। यह तस्वीर दोनों के बीच की गहरी दोस्ती की एक खूबसूरत झलक पेश करती है।
अंजू महेंद्रू और संजीव कुमार का रिश्ता सिर्फ फिल्मी दुनिया तक सीमित नहीं था। दोनों ने एक साथ हिंदी सिनेमा की दो फिल्मों में काम किया था। इनमें पहली फिल्म 'दस्तक' थी, जो साल 1970 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन राजिंदर सिंह बेदी ने किया था। इसके बाद दोनों साल 1977 में रिलीज हुई फिल्म 'मुक्ति' में भी नजर आए। इस फिल्म का निर्देशन राज तिलक ने किया था।
इन फिल्मों में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि अंजू महेंद्रू संजीव कुमार को अपने भाई जैसा मानने लगी थीं। वह उन्हें प्यार से 'हरि' कहकर बुलाती थीं। दरअसल, संजीव कुमार का असली नाम हरिहर जेठालाल जरीवाला था। इसी नाम से छोटा करके अंजू उन्हें हरि बुलाती थीं। वह अक्सर उन्हें अपना 'ब्रो' भी कहती थीं















