Breaking News

रायपुर पश्चिम जोन पुलिस का बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय अभियान, 106 की हुई चेकिंग


छत्तीसगढ़ 14 November 2026
post

रायपुर पश्चिम जोन पुलिस का बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय अभियान, 106 की हुई चेकिंग

रायपुर, 14 नवंबर   रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में अपराधों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने 106 गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग की, जबकि 68 बदमाशों की परेड कराकर उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। अभियान में पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल रहीं।

अभियान के दौरान पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में निवासरत गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी ली। साथ ही उनकी परेड कराकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

पुलिस ने बदमाशों को चेतावनी दी कि थाना में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किए जाने पर तत्काल उपस्थित हों। भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विशेष अभियान के दौरान लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त सक्रिय बदमाशों को चिन्हांकित कर 7 के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं फरार वारंटियों की पतासाजी कर 2 स्थाई वारंट और 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

पश्चिम जोन पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.