Breaking News

छत्तीसगढ़ में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला उपवास


छत्तीसगढ़ 16 November 2026
post

छत्तीसगढ़ में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला उपवास

रायपुर, 16 नवंबर। लोक आस्था का महापर्व छठ आज साेमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना की। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हो गया।

राजधानी रायपुर के महादेव घाट, शीतला तालाब, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और बोरियाखुर्द सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं और पुरुष सूप में फल, ठेकुआ तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे और जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

छठ पूजा को लेकर सभी प्रमुख घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। विभिन्न घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। इसके बाद साेमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हुआ। पारण के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त किया। पूरे प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ छठ महापर्व मनाया गया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.