भारतीय क्रिकेट के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाए हैं। सहवाग का नाम आते ही मैदान पर चौकों और छक्कों की बरसात याद आने लगती है। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसी पारियां खेलीं, जिन्हें क्रिकेट फैंस आज भी याद करते हैं। लेकिन अब उनके बेटे आर्यवीर सहवाग भी क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच आर्यवीर ने अपने पसंदीदा वनडे बल्लेबाज को लेकर ऐसा जवाब दिया है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींच लिया है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने परफेक्ट ODI बल्लेबाज की लिस्ट में पिता वीरेंद्र सहवाग को भी सिर्फ एक खास शॉट के लिए चुना है, जबकि सबसे ज्यादा खूबियां विराट कोहली के नाम की हैं।
दरअसल, स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान आर्यवीर से पूछा गया कि अगर उन्हें अलग-अलग क्रिकेटरों की खूबियों को मिलाकर एक परफेक्ट वनडे बल्लेबाज तैयार करना हो, तो वह किस खिलाड़ी की कौन-सी खासियत चुनेंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने आठ अलग-अलग शॉट्स और स्किल्स के लिए दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों का चयन किया। उनकी इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे भारतीय सितारों के साथ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल रहा
आर्यवीर की पसंद में सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली की रही। उन्होंने परफेक्ट ODI बल्लेबाज के लिए कवर ड्राइव, फ्लिक शॉट और विकेटों के बीच तेजी से रन लेने की क्षमता विराट कोहली से चुनी। यानी आठ में से तीन अहम खूबियां विराट के खाते में गईं। विराट कोहली को दुनिया के बेहतरीन वनडे बल्लेबाजों में गिना जाता है। उनकी बल्लेबाजी में तकनीक, निरंतरता और दबाव में रन बनाने की क्षमता देखने को मिलती है। खासकर लक्ष्य का पीछा करते समय विराट की बल्लेबाजी कई बार भारतीय टीम को जीत दिला चुकी है। ऐसे में आर्यवीर का उन्हें तीन अलग-अलग खूबियों के लिए चुनना काफी दिलचस्प रहा















