भारतीय सेना ने ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारियों के लिए तीन साल पहले लागू किए गए एक जैसे ड्रेस कोड को वापस ले लिया है. अब वरिष्ठ अधिकारी फिर से अपनी रेजिमेंट और सर्विस की पारंपरिक वर्दी और पहचान से जुड़े प्रतीक पहन सकेंगे. इसके तहत गोरखा राइफल्स के अधिकारी पारंपरिक टोपी, स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी मैरून बेरेट और आर्मर्ड रेजिमेंट के अधिकारी काली बेरेट पहन सकेंगे
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने 13 नवंबर को एक आंतरिक पत्र जारी कर 2023 के ड्रेस कोड संबंधी निर्देश को वापस ले लिया. पत्र का शीर्षक 'ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारियों के लिए ड्रेस' है. इसमें कहा गया है कि अधिकारियों से मिले फीडबैक के आधार पर व्यापक समीक्षा की गई, जिसके बाद पुराने निर्देश को रद्द करने का फैसला लिया गया. नया आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा. अब फिर से 'आर्मी यूनिफॉर्म पैम्फलेट-2018' का पालन किया जाएगा
सेना ने अप्रैल 2023 में आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक समान यूनिफॉर्म लागू करने का फैसला लिया था. उस समय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने सम्मेलन की अध्यक्षता की थी. अगस्त 2023 में यह व्यवस्था लागू हुई थी. इसका उद्देश्य वरिष्ठ नेतृत्व के बीच एक जैसी पहचान और कार्यशैली को बढ़ावा देना था













