कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कॉरपोरेट जगत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने कंपनियों को निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने के लिए टैक्स में राहत दी, लेकिन कंपनियों ने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की. हालांकि, थरूर ने इसी मुद्दे पर सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, केरल के तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान थरूर ने कहा कि देश में नौकरी पाना मुश्किल होता जा रहा है. खासकर कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने वाले युवाओं के लिए रोजगार का माहौल चिंताजनक है. उन्होंने IIT के एक ग्रेजुएट को प्लेसमेंट नहीं मिलने का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले इस तरह की बातें सुनने को नहीं मिलती थीं.
थरूर ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री कंपनियों पर सवाल उठा रहे हैं और कंपनियां सरकारी नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रही हैं, तो इस बहस पर नजर रखनी चाहिए. उन्होंने माना कि अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है और सरकार कई चीजें बेहतर कर सकती है.
कांग्रेस सांसद ने कारोबार से जुड़े सरकारी नियमों की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि सरकार को नियमों को सरल बनाना चाहिए, क्योंकि कारोबार करने में आसानी का दावा वास्तविकता में पूरी तरह दिखाई नहीं देता.
थरूर ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि जिन कारोबारियों से उनकी बातचीत होती है, उनके मुताबिक भ्रष्टाचार पहले से ज्यादा बढ़ गया है. यह थरूर का आरोप है.















