दुर्ग नगर पालिका परिषद जामुल में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने गजमाला पहनाकर उप मुख्यमंत्री साव का स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जामुल क्षेत्र के विकास के लिए 19 करोड़ 63 लाख 6 हजार रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मानस मंच निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रदेश सरकार के सुशासन में विकास कार्यों को गति मिली है और जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जामुल नगरपालिका को पिछले तीन वर्षों में विभिन्न योजनाओं एवं मदों से कुल 54 करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। आज जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, उनकी शुरुआत अगले दिन से ही करने तथा कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं करने को कहा , ताकि नागरिकों को जल्द सुविधाएं मिल सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी तथा दो वर्ष के बकाया बोनस जैसी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1000 रुपये सीधे उनके खातों में दिए जा रहे हैं। लाभार्थियों को अब तक 32-32 हजार रुपये प्राप्त हो चुके हैं। वहीं केंद्र सरकार द्वारा हर माह 5 किलो चावल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।













