पश्चिमी खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि रूस अगले 60 दिनों के भीतर अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में परमाणु हथियारों से लैस एक सैटेलाइट लॉन्च कर सकता है। जर्मन मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, इस कथित हथियार को स्पुतनिक-एस कहा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस सैटेलाइट में अंतरिक्ष में मौजूद हजारों GPS, संचार और निगरानी उपग्रहों को बाधित करने या नष्ट करने की क्षमता हो सकती है।
NATO के साथ इस संभावित खतरे से जुड़ी खुफिया जानकारी नवंबर की शुरुआत में साझा की गई थी। जर्मनी की मिलिट्री स्पेस कमांड ने संकेत दिया है कि यह लॉन्च दिसंबर में ही हो सकता है।
जर्मनी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नाटो के महासचिव मार्क रुटे ने कहा कि गठबंधन अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। रूस द्वारा परमाणु हथियारों से लैस उपग्रह लॉन्च करने की संभावना से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "हम हमेशा नाटो क्षेत्र के हर हिस्से की रक्षा करेंगे और इसमें अंतरिक्ष क्षेत्र में भी अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।"
रुटे ने बताया कि नाटो के पास जवाब देने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। सैन्य क्षेत्र में गठबंधन लगातार अपनी प्रतिरोधक क्षमता और रक्षा तैयारियों का आकलन करता रहता है और जरूरत पड़ने पर उनमें बदलाव भी करता है
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इन रिपोर्टों की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया। उन्होंने कहा कि हालांकि अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की रूस की योजनाओं के बारे में रिपोर्टें पूरी तरह से नई नहीं हैं, फिर भी ये चौंकाने वाली हैं। वहीँ, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) के प्रमुख जोसेफ एशबाकर ने अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की संभावित तैनाती को सबसे भयावह स्थिति बताया।















