मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब दुकानों के बाहर अचानक डॉक्टरों की टीमें पहुंचने लगी हैं. दरअसल, शराब सेवन से कुछ लोगों की मौत की खबरों के बाद जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता और स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया है. इसका उद्देश्य शराब का अधिक सेवन करने वाले और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की पहचान करना है.
यह अभियान जिले की सभी तहसीलों में चलाया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) और डॉक्टरों के साथ मिलकर शराब दुकानों के बाहर जांच शिविर लगा रही हैं. सब इंस्पेक्टर राजेंद्र बिलवार के मुताबिक, जिला कलेक्टर के निर्देश पर यह पहल शुरू की गई है. उन्होंने बताया कि पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित कुछ लोगों की शराब सेवन के बाद मौत हुई थी. इसके बाद जोखिम वाले लोगों की जांच और जागरूकता का फैसला लिया गया.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. ऋषि केशरवानी ने बताया कि लोग जांच के लिए आगे आ रहे हैं. अब तक जांच किए गए लोगों में कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या सामने नहीं आई है. इनमें दिनभर शराब पीने वाले लोग भी शामिल हैं.
डॉक्टरों की टीम लोगों को अत्यधिक शराब सेवन से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दे रही है. अधिकारियों ने कहा है कि खाली पेट शराब का सेवन न करें, सुबह से ही पीना शुरू न करें और अधिक मात्रा में शराब पीने से बचें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि उल्टी या दूसरी परेशानी होने पर लापरवाही न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं. प्रशासन का कहना है कि अभियान के जरिए लोगों को स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि समय रहते जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सके.













