मलाइका अरोड़ा से ब्रेकअप के बाद क्या बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर की जिंदगी में फिर से प्यार ने दस्तक दे दी है? लंदन के लॉर्ड्स मैदान से शुरू हुई डेटिंग की चर्चाओं के बीच अब एक नई तस्वीर ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. दरअसल, गुरुपर्व के खास मौके पर कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस साहिबा बाली ने अर्जुन कपूर के साथ एक बेहद प्यारी सेल्फी शेयर की है, जिसके कैप्शन ने फैंस का ध्यान खींच लिया.
दरअसल, साहिबा बाली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अर्जुन कपूर के साथ एक सेल्फी शेयर की. तस्वीर में दोनों के सिर ढके हुए नजर आ रहे हैं. गुरुपर्व के मौके पर सामने आई इस तस्वीर के साथ साहिबा ने एक मजेदार कैप्शन भी लिखा. उन्होंने कहा, 'मैंने उनका आधा प्रसाद भी खा लिया. हैप्पी गुरुपर्व.' साहिबा के इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया.
इसके बाद यह तस्वीर रेडिट पर भी शेयर की गई, जहां यूजर्स दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे. कुछ लोगों ने इसे सॉफ्ट लॉन्च बताया, तो कुछ ने कहा कि दोनों के बीच दोस्ती से बढ़कर कुछ हो सकता है. साहिबा के प्रसाद वाले कमेंट को भी लोगों ने खास इशारा माना.
अर्जुन कपूर और साहिबा बाली को लेकर डेटिंग की अफवाहें पहली बार जुलाई में चर्चा में आई थीं. दरअसल, 19 जुलाई को दोनों लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला देखने पहुंचे थे. इस दौरान दोनों साथ बैठे नजर आए थे. दोनों ने नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे. उनकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद लोगों ने उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
हालांकि, साहिबा ने उस समय मजाकिया अंदाज में इन खबरों पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने सुनील गावस्कर और ब्रायन लारा के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, 'हर बात पर विश्वास मत कीजिए.' इसके बाद अर्जुन के साथ तस्वीर डालकर भी उन्होंने इसी तरह का कैप्शन दिया था.















